भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा जहां एक ओर ‘डिजिटल बूथ’ और ‘सोशल मीडिया वॉरियर्स’ तैयार करने का दावा कर रही है, वहीं पार्टी के कई जिला अध्यक्ष सोशल मीडिया पर बेहद कमजोर नजर आ रहे हैं। प्रदेश में भाजपा के 23 जिला अध्यक्ष ऐसे हैं, जिनके एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर 50 से भी कम फॉलोअर्स हैं। सबसे खराब स्थिति विधानसभा अध्यक्ष डॉ. नरेन्द्र सिंह तोमर के गृह जिले मुरैना के भाजपा जिलाध्यक्ष कमलेश कुशवाह की बताई जा रही है। उनके एक्स अकाउंट पर केवल 3 फॉलोअर्स हैं। वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संसदीय क्षेत्र विदिशा के जिलाध्यक्ष महाराज सिंह दांगी के सिर्फ 8 फॉलोअर्स हैं। दतिया जिलाध्यक्ष रघुवीर शरण कुशवाह के 13, शिवपुरी के जसमंत जाटव के 13 और निवाड़ी के राजेश पटेरिया के 20 फॉलोअर्स हैं। ग्वालियर शहर अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया के भी केवल 25 फॉलोअर्स बताए गए हैं।
वहीं सोशल मीडिया पर सबसे मजबूत उपस्थिति अशोकनगर भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक तिवारी की है। उनके एक्स अकाउंट पर 5,571 फॉलोअर्स हैं। दूसरे स्थान पर इंदौर ग्रामीण अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा के 4,286 और तीसरे स्थान पर रायसेन जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा के 2,877 फॉलोअर्स हैं। फेसबुक पर धार भाजपा जिलाध्यक्ष निलेश भारती सबसे आगे हैं। उनके फेसबुक पर 51 हजार फॉलोअर्स हैं। इंदौर शहर अध्यक्ष सुमित मिश्रा 34 हजार और ग्वालियर ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत 32 हजार फॉलोअर्स के साथ आगे हैं। रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश भाजपा में केवल कुछ ही जिला अध्यक्ष ऐसे हैं जिन्हें ‘डिजिटल लीडर’ माना जा सकता है। इनमें इंदौर ग्रामीण के श्रवण सिंह चावड़ा, रायसेन के राकेश शर्मा और राजगढ़ के ज्ञान सिंह गुर्जर शामिल हैं, जो फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम तीनों प्लेटफॉर्म पर सक्रिय हैं।
दिलचस्प बात यह भी है कि कुछ जिलाध्यक्ष फेसबुक पर मजबूत हैं लेकिन एक्स पर लगभग निष्क्रिय हैं। शिवपुरी जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव के फेसबुक पर 30 हजार फॉलोअर्स हैं, लेकिन एक्स पर केवल 13। इसी तरह धार के निलेश भारती फेसबुक पर सबसे आगे हैं, लेकिन एक्स पर उनके सिर्फ 34 फॉलोअर्स हैं। यह आंकड़े भाजपा की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जिला अध्यक्षों के सोशल मीडिया प्रोफाइल के आधार पर तैयार किए गए हैं।

