भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट स्थित अटल बिहारी रहवासी कैंपस में ब्लैकआउट के दौरान आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मॉकड्रिल आयोजित की गई। इस अभ्यास में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लेकर राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया।


मॉकड्रिल के दौरान बिजली बंद होने की स्थिति में लोगों की सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा संचार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का अभ्यास किया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, सुरक्षा कर्मियों और रहवासियों ने मिलकर आपदा प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया।


अधिकारियों ने बताया कि इस मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को आपात स्थिति में सतर्क रहकर सही तरीके से कार्रवाई करने के प्रति जागरूक करना है। साथ ही किसी भी आपदा या आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय स्थापित करने की क्षमता को मजबूत करना भी इस अभ्यास का हिस्सा रहा।