दमोह। दमोह जिले के तेंदूखेड़ा में हाथठेले का किराया मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मंगलवार रात करीब 9 बजे बस स्टैंड के पास मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें 25 वर्षीय अतुल अहिरवार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी फल विक्रेता मौके से फरार हो गया।


जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 5 निवासी अतुल अहिरवार ने साप्ताहिक हाट बाजार में अपना हाथठेला एक बाहरी फल विक्रेता को किराए पर दिया था। रात में किराया लेने पहुंचने पर आरोपी ने 50 रुपये फेंककर दिए, जिस पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने फल काटने वाले धारदार चाकू से अतुल के सीने पर हमला कर दिया।


घटना में चाकू सीधे हृदय के पास लगने से अतुल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।


घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने दमोह-जबलपुर हाईवे पर चक्का जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कई फल ठेलों को पलट दिया, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।


पुलिस ने मामले में कई संदिग्ध फल विक्रेताओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि मृतक अतुल अहिरवार की शादी महज दो महीने पहले हुई थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।