अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। थाना क्षेत्र के ग्राम करहि में बुधवार देर रात पुरानी रंजिश और जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले। हिंसक विवाद में दोनों पक्षों के कुल 16 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 और अमरपाटन पुलिस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अमरपाटन लाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद छह घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया, जबकि अन्य 10 घायलों का इलाज सिविल अस्पताल अमरपाटन में जारी है।

पीड़ित पक्ष के चार घायलों का आरोप है कि हमलावर शराब के नशे में थे। उनका कहना है कि करीब 10 लोग घर में घुस आए, गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में महिलाओं, पुरुषों और युवतियों को भी चोटें आई हैं।

पीड़ित पक्ष की शिकायत पर अमरपाटन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि विवाद के कारणों और दोनों पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।