गुलगंज (छतरपुर), शिवम सोनी। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मझगवां खुर्द में शनिवार सुबह पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक पर कुल्हाड़ी से प्राणघातक हमला कर दिया गया। सिर पर गंभीर वार लगने से लहूलुहान हुए युवक को नाजुक हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान मझगवां खुर्द निवासी रन्नू यादव (पिता नंदलाल यादव) के रूप में हुई है। घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे की है, जब पारिवारिक कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। घायल के पिता नंदलाल यादव ने आरोप लगाया है कि रामू यादव, सूरज यादव और श्रीराम यादव ने एकराय होकर उनके बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला किया है।
कुल्हाड़ी के वार से युवक के सिर में गहरा घाव हुआ है, जिससे उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही गुलगंज थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों और आरोपों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, जिसके उपरांत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।














