भोपाल, जीतेन्द्र यादव: राजधानी भोपाल में छात्रों के दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश अब गंभीर आपराधिक वारदातों में तब्दील होती जा रही है। टीआईटी कॉलेज (TIT College) के छात्रों के बीच हुए विवाद के चलते इंद्रपुरी टी चौराहे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक सरेआम पिस्टल लेकर कैफे में जा घुसा। आरोपी ने न सिर्फ एक छात्र को धमकाने के लिए बंदूक तानी, बल्कि बीच-बचाव करने पहुंचे सादे कपड़ों में एक पुलिस जवान पर भी पिस्टल तान दी। यह पूरी सनसनीखेज घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
एक सप्ताह पुरानी रंजिश बनी विवाद की वजह
मिली जानकारी के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले शिवांशु और पृथ्वीराज सिंह राजपूत के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इस झगड़े के दौरान पृथ्वीराज के साथियों ने शिवांशु के साथ मारपीट की थी। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए पृथ्वीराज सिंह राजपूत अपने साथी राज राजपूत के साथ इंद्रपुरी टी चौराहे स्थित एक कैफे में पहुंचा था।
पुलिसकर्मी पर भी बेखौफ तानी बंदूक
कैफे के अंदर जब आरोपी शिवांशु को धमका रहे थे, तभी वहां मौजूद सिविल ड्रेस में एक पुलिस जवान ने बीच-बचाव करते हुए स्थिति को संभालने की कोशिश की। आरोप है कि बेखौफ आरोपी राज राजपूत ने पुलिसकर्मी को भी नहीं बख्शा और उस पर पिस्टल तान दी। इस गंभीर कृत्य के बाद से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों की गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
आरोपी फरार, पिपलानी थाने में एफआईआर दर्ज
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पिपलानी थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के संबंध में दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटना के बाद से ही दोनों आरोपी फरार चल जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को आधार बनाकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।















