धार, भानु प्रकाश शर्मा। जिले के गंधवानी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों और वर्ष 2029 तक देश को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के तहत पुलिस लगातार नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में गंधवानी पुलिस ने ग्राम बोरदा में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है।
कपास और तुवर की फसल के बीच चल रही थी अवैध खेती
पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चौकी जीराबाद क्षेत्र के ग्राम बोरदा में एक खेत के अंदर अवैध रूप से गांजे के पौधे उगाए जा रहे हैं। शातिर तरीके से किसानों की नजरों से बचाने के लिए इन पौधों को कपास और तुवर की मुख्य फसल के बीच में छिपाकर उगाया गया था। सूचना पुख्ता होने के बाद पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
433 किलो से अधिक वजन और 43 लाख है अनुमानित कीमत
पुलिस ने मौके से गांजे के कुल 360 हरे पौधे जप्त किए हैं। इन सभी पौधों का कुल वजन 433.70 किलोग्राम है। अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय बाजार के आधार पर इनकी अनुमानित कीमत करीब 43 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में खेत मालिक मगरसिंह पिता धनसिंह बिलवाल, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम सिरोंज को गिरफ्तार कर लिया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, पुलिस टीम सम्मानित
इस पूरी कार्रवाई को लेकर थाना गंधवानी में अपराध क्रमांक 412/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। इस सफल और सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना, चौकी प्रभारी मनीष कुमार चौधरी, नीरज कोचले, प्रधान आरक्षक सुखराम चौहान, गंगाराम, आरक्षक संतोष नागर, विक्रम वागले, वीरेंद्र कन्नौजे, शियाराम, दिलीप, किरण, कैलाश एवं सैनिक पर्वत की अहम और सराहनीय भूमिका रही।
















