सागर, स्वाति सोलंकी। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोदना में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पारिवारिक विवाद और कथित अवैध संबंधों के शक के चलते एक देवरानी ने अपनी ही जेठानी और 13 वर्षीय भतीजी पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। इस घटना में करीब 90 फीसदी तक झुलसी 35 वर्षीय गिरजा बाई ठाकुर की बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (सागर) में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, 75 फीसदी झुलस चुकी उनकी 13 वर्षीय बेटी आयुषी भोपाल के हमीदिया अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है।
अवैध संबंधों के शक में डेढ़ महीने से चल रहा था विवाद
मामले में मृतिका के पति रामराज ठाकुर ने बेहद चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। रामराज के अनुसार, उनके चाचा के लड़के आकाश और गिरजा बाई के बीच कथित संबंधों को लेकर परिवार में कलह चल रही थी। जब आकाश की पत्नी काजल गोस्वामी को इस बात का पता चला, तो उसने गिरजा बाई से रंजिश पाल ली। रामराज का दावा है कि करीब डेढ़ महीने पहले भी काजल ने गिरजा बाई को आग लगाने की कोशिश की थी, लेकिन तब वह बच गई थीं।
कमरा बाहर से बंद कर लगाई आग, पुलिस जांच में जुटी
आरोप है कि बीती घटना के दौरान विवाद बढ़ने पर काजल ने गिरजा बाई और मासूम आयुषी पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों ने दोनों को बीना सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गिरजा बाई को सागर और बेटी आयुषी को भोपाल रेफर कर दिया गया था। गुरुवार को गिरजा बाई की मौत के बाद बीएमसी चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी काजल गोस्वामी को हिरासत में ले लिया है और झुलसी बच्ची व मृतिका के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।















