सतना। जिले के तिवनी गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक दंपति के शव उनके ही घर के बंद कमरे में मिले। 45 वर्षीय किसान रामनिवास कोरी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि उनकी 43 वर्षीय पत्नी शकुंतला कोरी मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी थीं। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे पत्नी की हत्या के बाद पति द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला मान रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना सुबह करीब 9 बजे पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि जिस कमरे में दोनों के शव थे, उसका दरवाजा अंदर से बंद था। कमरे में खून के कोई निशान नहीं मिले हैं और मृतका के शरीर पर भी बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। पुलिस का मानना है कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई होगी, जिसके बाद पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक के पिता मंगल कोरी ने बताया कि वे मंगलवार रात खेत पर गए थे। बुधवार सुबह करीब 8 बजे घर लौटने पर काफी आवाज लगाने के बावजूद बेटे और बहू की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर उन्होंने पड़ोसियों की मदद से पीछे का दरवाजा खोला। अंदर झांककर देखा तो रामनिवास फंदे पर लटका हुआ था और बगल में तख्त पर शकुंतला का शव पड़ा था। घटना देख परिवार में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
बताया गया है कि घर की छत पर सो रहा 18 वर्षीय नाती जीशू भी शोर सुनकर नीचे आया और अपने माता-पिता को मृत अवस्था में देखकर बेसुध हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। फोरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगे हैं। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
परिजनों के अनुसार, रामनिवास रीवा में एक व्यापारी के यहां ट्रक ड्राइवर का काम करता था। वह खेती-किसानी में भी परिवार का सहयोग करता था और दो दिन पहले ही घर लौटा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

