मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बरखेड़ा डांगी गांव में उस समय भारी अफरा-तफरी और सनसनी फैल गई, जब एक महीने से अधिक समय से लापता अपने 22 वर्षीय बेटे की तलाश न होने से व्यथित पिता न्याय की गुहार लगाते हुए एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बेटे की गुमशुदगी पर पुलिस की कथित हीलाहवाली से आहत पिता करीब 2 से 3 घंटे तक टावर के शीर्ष पर खड़ा होकर रोता-बिलखता रहा। इस दौरान नीचे सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और मौके पर सांसे अटका देने वाला हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
एक माह से गायब है 22 वर्षीय सुखदेव, भटक रहे परिजन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरखेड़ा डांगी निवासी 22 वर्षीय युवक सुखदेव करीब एक महीने से अधिक समय से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। बेटे के अचानक गायब होने के बाद से ही परिजन गहरे सदमे में हैं। पीड़ित पिता और परिजनों ने नाहरगढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने के साथ-साथ जिला मुख्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में भी कई बार आवेदन देकर बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई थी। परिजनों का आरोप है कि तमाम शिकायतों और समय बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा मामले में कोई ठोस और सक्रिय कदम नहीं उठाया गया, जिससे परेशान होकर पिता ने यह आत्मघाती रास्ता चुना।
यह भी पढि़ए: सोते समय गर्दन पर जहरीले सांप के डसने से मवेशी व्यापारी की मौत, प्रयागराज से भैंस बेचने आया था युवक
टावर पर चढ़कर लगाई न्याय की गुहार, नीचे जमा हुआ हुजूम
गुरुवार को हताश पिता गांव में स्थित मोबाइल टावर पर जा चढ़ा और वहां से चिल्लाकर अपने बेटे को खोजने की मांग करने लगा। ऊंचाई से बुजुर्ग पिता को टावर पर झूलते देख गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण टावर के नीचे इकट्ठा हो गए। लोगों ने उसे नीचे उतरने की मिन्नतें कीं, लेकिन पीड़ित पिता का साफ कहना था कि जब तक उसका बेटा नहीं मिल जाता या पुलिस ठोस कार्रवाई का भरोसा नहीं देती, वह नीचे नहीं उतरेगा।
थाना प्रभारी की समझाइश और ठोस कार्रवाई के भरोसे पर उतरे नीचे
घटना की सूचना मिलते ही नाहरगढ़ थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर और फोन के जरिए टावर पर चढ़े पिता से लगातार संवाद साधा। थाना प्रभारी ने परिजनों की पीड़ा को समझते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस की विशेष टीमें गठित कर लापता सुखदेव की तलाश तेज की जाएगी और उसे जल्द से जल्द बरामद कर लिया जाएगा। पुलिस के आला अधिकारियों की ओर से मिले ठोस आश्वासन और लंबी समझाइश के बाद पिता का गुस्सा शांत हुआ और करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वे सुरक्षित नीचे उतर आए। पिता के सकुशल नीचे उतरने पर पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस ने पिता को ढांढस बंधाते हुए युवक की तलाश के लिए साइबर सेल और मैदानी अमले को अलर्ट कर जांच शुरू कर दी है।











