बमीठा/छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत केन नदी के खाड़ खुरई में ग्रामीण बैंक में पदस्थ कर्मचारी राजेश पाल (निवासी गंगवाहा) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। बैंक कर्मी का शव पानी में उतराता मिलने की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को बाहर निकाला। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त राजेश पाल के रूप में की। घटना की खबर लगते ही परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष मजिस्ट्रियल जांच, पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी तथा जिला अस्पताल के डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर दबाव बनाया।
परिजनों और ग्रामीणों ने घटना के विरोध में तथा तत्काल एफआईआर व गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया था। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और त्वरित कार्रवाई के आश्वासन के बाद स्थिति नियंत्रित हुई। इसके बाद बमीठा पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए मृतक की पत्नी के विस्तृत बयान दर्ज किए। पत्नी द्वारा दिए गए कथनों और सामने आए सुसाइड वीडियो के आधार पर पुलिस ने दर्ज प्रकरण में संबंधित गंभीर धाराएं बढ़ा दी हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वीडियो में नामित आरोपी सत्यम शुक्ला को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। खजुराहो एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर सत्यम शुक्ला को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। बमीठा पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




