आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में शनिवार को मां बगलामुखी मंदिर के पास दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश के बाद उफनते बरसाती नाले के तेज बहाव में श्रद्धालुओं से भरी कार बह गई। हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं और तीन पुरुषों समेत कुल आठ लोगों की मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार, मृतकों में सात लोग ओडिशा के रहने वाले थे, जबकि कार चालक अरुण गोयल आगर मालवा जिले के बड़ौद का निवासी था। श्रद्धालुओं ने उज्जैन से कार किराए पर ली थी और मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए नलखेड़ा पहुंचे थे।


हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला और लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर कलेक्टर शेर सिंह मीणा, एसपी दिलीप कुमार सोनी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


बताया गया है कि नलखेड़ा में पिछले 24 घंटे में करीब 3.7 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। रात के समय बारिश का जोर अधिक रहा, जिसके कारण मंदिर के सामने से गुजरने वाले बरसाती नाले में पानी का बहाव अचानक तेज हो गया। इसी दौरान श्रद्धालुओं की कार तेज बहाव की चपेट में आ गई।