छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार अचानक प्लेटफॉर्म पर पहुंच गई। कार का एक पहिया प्लेटफॉर्म से नीचे उतरकर रेलवे ट्रैक की ओर चला गया, जिससे ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
आरपीएफ थाना प्रभारी उषा बिसेन के मुताबिक, शंकर नगर, लोनिया करबल निवासी 58 वर्षीय अजय कुमार कच्छ कार क्रमांक एमपी 28 जेडएच 5279 चलाते हुए प्लेटफॉर्म नंबर-1 तक पहुंच गए। गनीमत रही कि घटना के वक्त ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मामले में आरपीएफ ने कार चालक के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 153, 147, 159, 146 और 145 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। प्लेटफॉर्म पर कार पहुंचने की घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।













