मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले में बिजली ग्रिड पर महिला द्वारा आत्मदाह किए जाने के मामले में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला को गंभीर हालत में उपचार के लिए इंदौर ले जाया गया था, जहां 80 फीसदी से ज्यादा झुलसी होने के कारण उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।


जानकारी के अनुसार, बिजली चोरी के पंचनामे को लेकर महिला के परिवार और बिजली विभाग के बीच विवाद हुआ था। महिला के पति ने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर रिश्वत मांगने के आरोप भी लगाए थे। इसी विवाद के बाद महिला ने बिजली ग्रिड परिसर में आत्मदाह कर लिया था।


घटना के बाद महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया था। इंदौर में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।


मामले की सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस बिजली चोरी के पंचनामे, लगाए गए आरोपों और आत्मदाह की परिस्थितियों सहित पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।