भोपाल,जीतेन्द्र यादव। विधानसभा और लोकसभा चुनावों में ईवीएम मशीनों की बैटरी 99 प्रतिशत चार्ज दिखने को लेकर विवाद अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। पीसी शर्मा द्वारा दायर याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। इस मामले में कोर्ट ने 23 मार्च को नोटिस जारी किया था और अब 23 जुलाई को सुनवाई निर्धारित की गई है।
पीसी शर्मा ने आरोप लगाया है कि जिन स्थानों पर ईवीएम की बैटरी 99 प्रतिशत चार्ज थी, वहां कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा, जबकि जहां बैटरी कम (लगभग 60 प्रतिशत) थी, वहां पार्टी को जीत मिली। उन्होंने इस आधार पर चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका जताई है।
याचिका में मांग की गई है कि ईवीएम से मतदान के साथ-साथ वीवीपैट पर्ची की अनिवार्यता सुनिश्चित की जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने चुनावों में फर्जीवाड़ा किया है और सुप्रीम कोर्ट से चुनाव परिणामों को निरस्त करने की मांग की जाएगी।

