नई दिल्ली। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने एयरवन रोबोटिक्स प्राइवेट लिमिटेड पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। कंपनी पर आरोप है कि उसने इंडियामार्ट प्लेटफॉर्म पर आवश्यक कानूनी खुलासों और नियामकीय मंजूरियों के बिना "एंटी-ड्रोन गन वीकेएसपी03-प्रो" नामक उत्पाद की बिक्री के लिए लिस्टिंग की थी।सीसीपीए ने अपने आदेश में कहा कि कंपनी ने प्रतिबंधित श्रेणी के उत्पाद का विज्ञापन और विपणन कर उपभोक्ताओं के अधिकारों का उल्लंघन किया तथा उपभोक्ता संरक्षण कानून के तहत भ्रामक विज्ञापन और अनुचित व्यापार व्यवहार में संलिप्त पाई गई।
प्राधिकरण के अनुसार, उक्त एंटी-ड्रोन गन को 8.3 लाख रुपए की कीमत के साथ ऑनलाइन सूचीबद्ध किया गया था। लिस्टिंग में विस्तृत तकनीकी विवरण और "इन स्टॉक" टैग भी शामिल थे, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिलता था कि उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध है और संभावित खरीदारों को आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा था।
जांच के दौरान एयरवन रोबोटिक्स ने दावा किया कि यह उत्पाद केवल एक "नॉन-एक्टिव" या निष्क्रिय प्रतिरूप था और इसका वास्तविक उपयोग के लिए कोई उद्देश्य नहीं था। हालांकि सीसीपीए ने इस तर्क को खारिज कर दिया।
प्राधिकरण ने कहा कि यह सफाई कंपनी ने केवल कारण बताओ नोटिस मिलने के बाद दी और यह मूल ऑनलाइन लिस्टिंग में उपलब्ध जानकारी से मेल नहीं खाती। सीसीपीए ने यह भी पाया कि कंपनी द्वारा दिए गए विभिन्न स्पष्टीकरण आपस में विरोधाभासी थे।
कंपनी की ओर से यह भी कहा गया कि "एंटी-ड्रोन गन", "इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर डिवाइस" तथा ड्रोन को निष्क्रिय करने जैसी शब्दावली केवल उत्पाद की बनावट या अवधारणा को दर्शाने के लिए उपयोग की गई थी। लेकिन सीसीपीए ने माना कि विज्ञापन और उत्पाद विवरण उपभोक्ताओं के सामने पूरी तरह अलग संदेश प्रस्तुत कर रहे थे और उन्हें भ्रमित कर सकते थे।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि यह तथ्य महत्वपूर्ण नहीं है कि उत्पाद वास्तव में बेचा गया या बाद में उसे डमी डिवाइस बताया गया। विज्ञापनदाता अपने उत्पाद संबंधी दावों और प्रस्तुतिकरण के लिए जिम्मेदार होते हैं और उन्हें कानूनी मानकों का पालन करना ही होता है।
सीसीपीए ने कहा कि आवश्यक कानूनी स्वीकृतियों के बिना प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर उपकरण की लिस्टिंग करना और कैबिनेट सचिवालय द्वारा जारी जैमर एवं संबंधित दूरसंचार उपकरणों से जुड़े दिशा-निर्देशों के तहत अनिवार्य खुलासे न करना उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के तहत भ्रामक विज्ञापन और अनुचित व्यापार व्यवहार की श्रेणी में आता है।
अपने आदेश में सीसीपीए ने एयरवन रोबोटिक्स को निर्देश दिया है कि भविष्य में उसके सभी विज्ञापन और ऑनलाइन उत्पाद विवरण लागू कानूनों के अनुरूप हों तथा उनमें किसी उत्पाद की क्षमता, कानूनी स्थिति या उपलब्धता को लेकर कोई झूठा, भ्रामक या अप्रमाणित दावा न किया जाए।
प्राधिकरण ने कंपनी को 15 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया है।

















