छतरपुर, विनोद मिश्रा। छतरपुर जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हतना में रविवार शाम एक बेहद हृदयविदारक हादसा हो गया। खेत की जुताई करते समय एक नया ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर 70 फीट गहरे बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में किसान संतोष यादव (37) और उनके 10 वर्षीय मासूम बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। शाम करीब 4 बजे हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रात 7:40 बजे क्रेन की मदद से ट्रैक्टर और बच्चे के शव को कुएं से बाहर निकाल लिया गया है, जबकि पिता संतोष की तलाश के लिए एसडीआरएफ (SDRF) का सर्च ऑपरेशन जारी है।
दो बहनों के बीच इकलौता भाई था मासूम, मौके पर पहुंचीं विधायक ललिता यादव
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। मृतक संतोष का 10 वर्षीय बेटा कक्षा तीसरी का छात्र था और अपनी दो बड़ी बहनों आयुषी (14) तथा राशि (12) के बीच इकलौता भाई था। एक ही झटके में पति और इकलौते बेटे को खो देने से पत्नी रामदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घर में संतोष की वृद्ध मां और दोनों बेटियां सदमे में हैं। दुर्घटना की खबर मिलते ही छतरपुर विधायक ललिता यादव भी घटनास्थल पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए संतोष की मां, पत्नी व बेटियों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उधर, ओरछा रोड थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जिस ट्रैक्टर से हादसा हुआ वह यादव परिवार ने दीपावली पर खरीदा था
ये भी पढ़ें






















