पन्ना, अमित सिंह राठौर। पन्ना टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के इतिहास में एक दुर्लभ और सुखद अध्याय जुड़ गया है। रिजर्व की 57 वर्षीय हथिनी 'अनारकली' की जुड़वा बेटियों रोहिणी और केतकी ने अपना पहला जन्मदिन पूरे उत्साह के साथ मनाया। हिनौता हाथी कैंप में आयोजित इस विशेष समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, वन अमले और ग्रामीणों ने मिलकर केक काटा और दोनों नन्हीं हथिनियों के स्वस्थ जीवन की कामना की।
समारोह में कलेक्टर हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ, वरिष्ठ वन अधिकारी, मैदानी वन कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच दोनों हथिनियों के नाम का केक काटा गया। इस खास मौके पर मां अनारकली के साथ-साथ रोहिणी और केतकी की विशेष दावत भी हुई, जिसमें उन्हें पसंदीदा केला, सेब, लड्डू और गुड़ खिलाया गया।
टाइगर रिजर्व के लिए बड़ी उपलब्धि गौरतलब है कि 21 नवंबर 2025 को हथिनी अनारकली ने करीब साढ़े तीन घंटे के अंतराल में दो मादा शावकों को जन्म दिया था। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, हाथियों में जुड़वा बच्चों का जन्म अत्यंत दुर्लभ माना जाता है और ऐसे मामलों में दोनों शावकों का जीवित व स्वस्थ रहना किसी चुनौती से कम नहीं होता। पन्ना टाइगर रिजर्व के इतिहास में जुड़वा हाथियों के जन्म का यह पहला मामला था। रिजर्व प्रबंधन की सतत निगरानी और बेहतर देखभाल के चलते दोनों नन्हीं हथिनियां अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और एक साल की हो गई हैं, जिसे वन विभाग एक बड़ी उपलब्धि मान रहा है।

















