भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस महकमे के सर्वोच्च पद यानी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की कुर्सी पर एक दिसंबर से नया चेहरा बैठने जा रहा है। प्रशासनिक और पुलिस गलियारों से मिल रही पुख्ता खबरों के मुताबिक, 1991 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी उपेंद्र कुमार जैन का प्रदेश का अगला डीजीपी बनना लगभग तय माना जा रहा है। वर्तमान में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) के महानिदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे उपेंद्र जैन के नाम पर उच्च स्तर पर सहमति बन चुकी है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव केंद्रीय गृहमंत्री से आवश्यक मशविरे के बाद इसी सप्ताह उनके नाम को अंतिम हरी झंडी दे देंगे, जिसके तुरंत बाद राज्य का गृह विभाग औपचारिक नियुक्ति आदेश जारी कर देगा।
नए डीजीपी के चयन की प्रक्रिया के तहत गुरुवार 20 नवंबर को नई दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में यूपीएससी के प्रतिनिधियों के साथ मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और वर्तमान डीजीपी भी शामिल हुए थे। गहन मंथन और वरिष्ठता के आधार पर तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का एक पैनल तैयार कर राज्य सरकार को भेजा गया था, जिसमें डीजी जेल डॉ. वरुण कपूर, ईओडब्ल्यू डीजी उपेंद्र कुमार जैन और डीजी होमगार्ड प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम शामिल थे। इन तीनों दिग्गज अधिकारियों के बीच चले मंथन के बाद उपेंद्र जैन का नाम सबसे आगे निकलकर सामने आया है।
उपेंद्र कुमार जैन की दावेदारी मजबूत होने के पीछे कई ठोस प्रशासनिक और राजनीतिक समीकरण काम कर रहे हैं। सबसे अहम बात यह है कि जैन पूर्व में उज्जैन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रह चुके हैं और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उनके कामकाज और कार्यशैली से भली-भांति परिचित हैं। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय स्तर पर पदस्थ वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी उनका बेहतर तालमेल माना जाता है, वहीं भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के करीबी रिश्तेदारों में भी उनका नाम शामिल है। इन सभी पहलुओं ने उनकी ताजपोशी का रास्ता लगभग साफ कर दिया है।
यूपीएससी के पैनल में शामिल अन्य दो नामों की भी प्रशासनिक हलकों में जोरदार चर्चा रही। यदि सरकार किसी महिला अधिकारी को प्रदेश की पहली महिला डीजीपी बनाने का ऐतिहासिक निर्णय लेती, तो 1991 बैच की ही आईपीएस अधिकारी प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव का पलड़ा भारी हो सकता था। वर्तमान में वे मध्य प्रदेश होमगार्ड और राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (एसडीईआरएफ) की महानिदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। वहीं, पैनल के तीसरे सदस्य डॉ. वरुण कपूर भी 1991 बैच के अनुभवी अधिकारी हैं, जो जुलाई 2025 से मध्य प्रदेश जेल विभाग के महानिदेशक का दायित्व संभाल रहे हैं। 14 मई 1967 को जन्मे डॉ. कपूर एनआईटी तिरुचिरापल्ली से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीई (ऑनर्स) हैं और सिविल सेवा में आने से पूर्व 1989 से 1991 तक रिलायंस इंडस्ट्रीज में एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट के पद पर कार्य कर चुके हैं। बहरहाल, अब सभी की निगाहें मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी होने वाले अंतिम आदेश पर टिकी हैं, जिसके बाद एक दिसंबर से प्रदेश की कानून-व्यवस्था की कमान नए पुलिस मुखिया के हाथों में होगी।

















