नई दिल्ली। माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सत्या नडेला ने हाल ही में हुए बड़े वैश्विक आउटेज को लेकर स्वीकार किया है कि कंपनी इस व्यवधान को रोकने के लिए और अधिक प्रयास कर सकती थी। उन्होंने माना कि परीक्षण प्रक्रिया के दौरान समस्या की पहचान की जा सकती थी और बेहतर सुरक्षा उपायों के जरिए स्थानीय स्तर की तकनीकी विफलता को वैश्विक असर डालने से रोका जा सकता था।सीएनबीसी के साथ एक इंटरव्यू में नडेला ने कहा कि आउटेज की वजह एक निष्क्रिय सॉफ्टवेयर बग था, जो विशेष प्रकार के यूजर ट्रैफिक पैटर्न के संपर्क में आने के बाद सक्रिय हो गया, जिसके परिणामस्वरूप माइक्रोसॉफ्ट के क्लाउड इकोसिस्टम में व्यापक स्तर पर सेवाएं प्रभावित हुईं।
पिछले सप्ताह सामने आए इस आउटेज का असर सबसे पहले आउटलुक पर देखा गया, जिसके बाद टीम्स, कोपायलट, माइक्रोसॉफ्ट 365, शेयरपॉइंट और वनड्राइव जैसी कई प्रमुख सेवाएं भी बाधित हो गईं। दुनिया के कई देशों में उपयोगकर्ताओं को एक दिन से अधिक समय तक सेवाओं में व्यवधान का सामना करना पड़ा।
माइक्रोसॉफ्ट की शुरुआती जांच में पाया गया कि यह समस्या इस वर्ष की शुरुआत में सॉफ्टवेयर में शामिल हुए एक बग से जुड़ी थी। बढ़ते नेटवर्क ट्रैफिक और सर्वर क्षमता में कमी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस घटना के पीछे किसी साइबर हमले का कोई प्रमाण नहीं मिला है। सेवाओं को बहाल करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट ने अतिरिक्त इंफ्रास्ट्रक्चर क्षमता बढ़ाई, सॉफ्टवेयर पैच जारी किए और कई कॉन्फिगरेशन बदलाव लागू किए।
नडेला ने कहा कि इस घटना ने पूरे तकनीकी उद्योग के सामने मौजूद एक बड़ी चुनौती को भी उजागर किया है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते उपयोग से सॉफ्टवेयर विकास और बग पहचानने की प्रक्रिया तेज हुई है, लेकिन तेजी से सुधार लागू करने की प्रक्रिया भी नए परिचालन जोखिम पैदा कर सकती है।
उन्होंने कहा कि एआई टूल्स कंपनियों को कमजोरियों और त्रुटियों की पहचान जल्दी करने में मदद कर रहे हैं, लेकिन सुधारों को तेजी से लागू करने के दौरान पुरानी तकनीकी प्रणालियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। कई बार नई अपडेट्स और पैच पुराने सिस्टम में अप्रत्याशित अस्थिरता पैदा कर देते हैं।
नडेला की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब माइक्रोसॉफ्ट अपने उत्पादों और एंटरप्राइज सेवाओं में एआई के उपयोग का लगातार विस्तार कर रहा है। हाल ही में आयोजित इग्नाइट कार्यक्रम में कंपनी ने कोपायलट को वर्कप्लेस प्रोडक्टिविटी और एआई-संचालित बिजनेस एप्लिकेशंस के प्रमुख प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित करने की अपनी रणनीति पेश की थी।

















