बिजावर (छतरपुर)। छतरपुर जिले के बिजावर विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम नारायणपुरा में वर्षों से सड़क निर्माण न होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य मार्ग कच्चा होने और उसमें गहरे गड्ढे होने के चलते बारिश के दिनों में समूचा रास्ता दलदल और कीचड़ में तब्दील हो जाता है। इसके बावजूद ग्राम पंचायत की सरपंच भागवती तिवारी और सचिव धर्मेंद्र कोंदर द्वारा सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों में गहरा रोष व्याप्त है।
गांव के रहवासी नीरज जाटव, कल्लू पाल, मैयादीन कुशवाहा, भागुनता अनुरागी और गज्जू साहू ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि बदहाल सड़क के कारण गांव का संपर्क प्रभावित हो रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है। बच्चे रोजाना इसी कीचड़ और गड्ढों से भरे रास्ते से गिरते-पड़ते स्कूल जाने को मजबूर हैं, जिससे आए दिन उनके कपड़े खराब हो जाते हैं और चोटिल होने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के जिम्मेदारों को कई बार सड़क की बदहाली से अवगत कराया गया, लेकिन सरपंच और सचिव द्वारा केवल आश्वासन ही दिए जाते रहे हैं, धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनपद पंचायत के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि मामले की सुध लेकर नारायणपुरा में जल्द से जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को इस नारकीय स्थिति से मुक्ति मिल सके।













