छतरपुर, शिवम सोनी। लवकुशनगर क्षेत्र के प्रतापपुरा गांव में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। प्रसव के बाद सामान्य स्थिति में रहने वाली महिला सपना सिंह की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।


सपना सिंह को प्रसव के लिए लवकुशनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। परिजनों के अनुसार, डिलीवरी के लगभग दो घंटे तक उनकी हालत पूरी तरह सामान्य रही। सपना ने नवजात शिशु को दूध पिलाया और परिवार के सदस्यों से सामान्य बातचीत भी की। लेकिन कुछ देर बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उल्टी शुरू हो गई। हालत गंभीर होते देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया। पति शिवपाल सिंह ने बताया कि जब वे पत्नी को लेकर छतरपुर जा रहे थे, तभी रास्ते में ही सपना ने आखिरी सांस ली। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। परिवार में इस घटना से गहरा मातम छा गया है। पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारण का पता लगाया जा सकेगा। राहत की बात यह है कि नवजात बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और स्वस्थ है। शिवपाल सिंह ने दुख व्यक्त करते हुए कहा, “डिलीवरी के बाद वह बिल्कुल ठीक थीं। बच्ची को दूध पिलाया, सबसे बात की। अचानक हालत बिगड़ी और रास्ते में ही सब कुछ खत्म हो गया।”