भोपाल, जीतेन्द्र यादव। नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। भोपाल में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने 'छात्रों की गूंज' अभियान की शुरुआत का ऐलान करते हुए कहा कि 29 जून से 9 अगस्त तक पूरे देश में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। इसके समापन पर 9 अगस्त को दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।


प्रेस कॉन्फ्रेंस में इमरान मसूद ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि कई निर्दोष विद्यार्थियों द्वारा आत्महत्या किए जाने का जिम्मेदार कौन है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मध्य प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों की नर्सरी बन चुका है। पटवारी ने व्यापम कांड का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कम प्रतिशत वाले विद्यार्थियों का भी प्रवेश हो जाता है और परीक्षाओं में सामने आने वाली अनियमितताओं में अक्सर भाजपा नेताओं और मंत्रियों के नाम सामने आते हैं।


कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि सभी प्रतियोगी परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर पहले से जारी किया जाए, ताकि छात्रों को समय पर तैयारी का अवसर मिल सके और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए कांग्रेस द्वारा साइकिल यात्रा निकालने की भी घोषणा की गई।