भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह एक अनोखे अंदाज में नजर आए। वे किसानों की समस्याओं को सदन तक पहुंचाने के लिए ट्रैक्टर लेकर विधानसभा पहुंचे। हालांकि, सुरक्षा कारणों से उनके ट्रैक्टर को बाहर ही रोक दिया गया, जिसके बाद वे अपने हाथों में गेहूं की बालियां लेकर सदन के भीतर पहुंचे।
विधायक अभिजीत शाह ने किसानों के मुद्दों को उठाते हुए सरकार की मूल्य नीति पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब राजस्थान में भाजपा सरकार किसानों से 2735 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीद रही है, तो मध्य प्रदेश के किसानों को कम दाम क्यों दिए जा रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। शाह ने यह भी स्पष्ट किया कि भले ही सत्र में महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो रही है, लेकिन अन्नदाता की परेशानियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार से मांग की कि किसानों को उनके हक का पूरा दाम दिया जाए और खरीद प्रक्रिया में हो रही विसंगतियों को तत्काल दूर किया जाए।



