भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान राजनीति उस समय गरमा गई, जब भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने नारी शक्ति वंदन विधेयक को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया। शर्मा ने सीधा आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल कभी नहीं चाहते थे कि साधारण पृष्ठभूमि की बेटियां सदन तक पहुँचें।


विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखे लहजे में कहा कि कांग्रेस के लिए 'शक्ति' की परिभाषा केवल सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी तक सीमित है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी गरीब, किसान और मजदूर की बेटियों के प्रतिनिधित्व की बात आती है, तो कांग्रेस, सपा और टीएमसी जैसे दल एकजुट होकर इसे रोकने का प्रयास करते हैं। शर्मा ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस केवल माँ, बेटे और बेटी को ही सदन में देखना चाहती है, जबकि भाजपा महिलाओं के व्यापक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।