भोपाल। पटना में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके दिवंगत पिता को लेकर दिए गए विवादास्पद बयान पर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर कांग्रेस पार्टी और उनके शीर्ष नेतृत्व पर तीखा जुबानी हमला बोला है। मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस 'डर और हताशा' (Fear and Frustration) की शिकार हो चुकी है और उसकी सोचने-समझने की क्षमता पूरी तरह समाप्त हो गई है।
"कांग्रेस की बुद्धि भ्रष्ट हो चुकी है": शिवराज का तीखा हमला
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस की कार्यशैली और बौखलाहट पर तंज कसते हुए कहा: उन्होंने कहा, "मोदी जी की लोकप्रियता से कांग्रेस इतनी बौखला गई है कि उनका नाम सुनते ही ऐसे भड़कती है जैसे कोई लाल कपड़ा देखकर बैल भड़क जाता है।" शिवराज सिंह ने खड़गे के बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया है, वह कांग्रेस के राजनीतिक पतन की पराकाष्ठा है और यह पार्टी के कफन में अंतिम कील साबित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने शिष्टाचार को पैरों तले कुचल दिया है और सार्वजनिक मर्यादाओं को पूरी तरह से तार-तार कर दिया है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी इतनी भ्रमित (Confused) हो कि अपने ही कार्यकर्ता के बयान पर अपनों को पीट दे, वह देश चलाने की योग्यता कैसे रख सकती है!
सोनिया गांधी से पूछे 2 तीखे सवाल
इससे एक दिन पहले भी शिवराज सिंह चौहान ने इस मामले में गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए खड़गे के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि खड़गे जैसे वरिष्ठ नेता से मर्यादा की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने भारतीय संस्कृति, सभ्यता और जीवन मूल्यों के खिलाफ जाकर प्रधानमंत्री के पूज्य पिता पर अमर्यादित टिप्पणी की है।
शिवराज सिंह चौहान ने सीधे कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से दो सवाल पूछे
क्या यह गांधी परिवार का इशारा था? क्या मल्लिकार्जुन खड़गे ने गांधी परिवार की सहमति या इशारे पर प्रधानमंत्री के परिवार के लिए ऐसी निम्नस्तरीय भाषा का इस्तेमाल किया? क्या लिया जाएगा इस्तीफा? यदि यह खड़गे का व्यक्तिगत बयान था और पार्टी इससे सहमत नहीं है, तो क्या सोनिया गांधी और कांग्रेस नेतृत्व खड़गे से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा लेगा?
"देश अपमान सहन नहीं करेगा"
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के करोड़ों-करोड़ नागरिकों के 'हृदय के हार' हैं। उनके और उनके परिवार के खिलाफ इस तरह की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल भारतीय जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस को देश के सामने जवाब देना होगा कि क्या किसी राष्ट्रीय दल के अध्यक्ष पद की गरिमा ऐसे बयानों से शोभा पाती है?

















