भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र स्थित रायपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक ही घर के कमरे में पति-पत्नी के शव पंखे के कुंदे से लटके मिले। घटना 25 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। दंपती की मौत के बाद उनके दो छोटे बच्चे (15 वर्ष और 13 वर्ष) अनाथ हो गए हैं, जो वारदात के वक्त घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे।सुबह जब दंपती के फंदे पर लटके होने की खबर फैली, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


मृतकों की पहचान और शुरुआती जांच

ईंटखेड़ी थाना प्रभारी आशीष सप्रे के अनुसार: सुरेंद्र सिलावट और उनकी पत्नी मोना के रूप में हुई है। दोनों पेशे से मजदूरी का काम करते थे। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में यह जानकारी मिली है कि पिछले 4-5 दिनों से पति-पत्नी के बीच आपस में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। जांच में यह पहलू भी सामने आया है कि चार दिन पहले दंपती का अपने किसी पड़ोसी से भी विवाद हुआ था। पुलिस इस कोण (Angle) से भी मामले की जांच कर रही है। हालांकि, आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाने का असली और सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।


दूसरे कमरे में सो रहे थे बच्चे, सुबह चला पता

घटना की रात पति-पत्नी ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था, जबकि अपने दोनों बच्चों को घर के दूसरे कमरे में सोने के लिए भेज दिया था। अगली सुबह जब पड़ोसी ने घर का मुख्य दरवाजा खुला देखा और अंदर जाकर देखा तो दंपती के शव लटके मिले। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।


फिलहाल, पुलिस घटना के सभी पहलुओं, पारिवारिक स्थिति और आसपास के लोगों के बयानों के आधार पर विस्तृत जांच कर रही है।