मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मंदसौर एसपी विनोद कुमार मीना ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 26 अक्टूबर 2026 को भैसोदामंडी चौकी पुलिस को एक खास मुखबिर से सूचना मिली थी कि मालीपुरा तिराहा, ग्राम मालीपुरा पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ आने वाले हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया और बताए गए स्थान पर दबिश देकर चारों आरोपियों को धर दबोचा।
लाखों रुपये का अवैध सामान जब्त
पकड़े गए आरोपियों की तलाशी और उनके कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध सामग्री और उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 700 जिंदा राउंड (कारतूस) बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 3 लाख 15 हजार रुपये है। इसके अलावा 40 हजार रुपये कीमत की 2 पिस्टल और 71 हजार रुपये कीमत के 4 एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इस प्रकार पुलिस ने कुल मिलाकर बड़ी तादाद में अवैध सामग्री अपने कब्जे में ली है।
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से लाए गए थे हथियार
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आदिल मिर्जा (उम्र 22 वर्ष) निवासी भवानीमंडी (राजस्थान), रिहान खान (उम्र 19 वर्ष) निवासी भानपुरा (जिला मंदसौर), इरफान अली (उम्र 28 वर्ष) निवासी सीतामऊ (जिला मंदसौर) और फरमान अली (उम्र 76 वर्ष) निवासी सीतामऊ (जिला मंदसौर) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में प्रारंभिक तौर पर यह जानकारी सामने आई है कि आरोपी इन अवैध हथियारों और कारतूसों को उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से लेकर आए थे।
बैंक ट्रांजेक्शन और कॉल डिटेल्स खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब पकड़े गए सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे इन हथियारों को कहां से लेकर आए थे और इन्हें आगे कहां और किसे सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। इस आपराधिक नेटवर्क की गहराई तक पहुंचने के लिए पुलिस आरोपियों के बैंक ट्रांजेक्शन और कॉल डिटेल्स (CDR) का बारीकी से विश्लेषण कर रही है और प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
















