नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आवेश खान का कहना है कि टीम में अपनी जगह बनाए रखने के लिए प्रतिभा से ज्यादा प्रदर्शन में निरंतरता को बनाए रखना जरूरी है।
भारतीय टीम से फिलहाल बाहर चल रहे आवेश खान ने वापसी से जुड़े सवाल पर आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, "अगर आप लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, तो आप टीम में बने रहेंगे। निरंतरता ही टीम में जगह बनाने और उसे बचाए रखने के लिए सबसे अहम है।"
आवेश ने कहा, "मैं अभी राष्ट्रीय टीम का हिस्सा नहीं हूं। रणजी ट्रॉफी या अन्य घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। मेरी कोशिश अपनी टीम को मैच जिताने की होगी, ताकि मैं उस जगह वापस आ सकूं, जहां का हकदार हूं। मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) के बाद मैं अपनी फिटनेस और गेंदबाजी पर और काम करूंगा।"
टी20 क्रिकेट के गेंदबाजों के लिए चुनौती माने जाने के सवाल पर आवेश ने कहा, "टी20 गेंदबाजों के लिए मुश्किल फॉर्मेट है, लेकिन मुझे लगता है कि इसमें एक मौका है कि आप अच्छा कर सकते हैं। अगर आप एक तेज गेंदबाज और एक स्पिनर के तौर पर नई गेंद इजाद करते हैं, तो आप सफल होंगे। मैं हमेशा अच्छा करने के मौके ढूंढता रहता हूं। इसमें नई स्किल सीखना और अपने पर काम करना शामिल है। मुझे हमेशा लगता है कि मैं एक गेंदबाज के तौर पर बल्लेबाजों पर हावी हो जाऊंगा।"
भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए इस समय तेज गेंदबाजों के बीच कड़ी प्रतियोगिता है। कई गेंदबाजों को फॉर्मेट के मुताबिक मौके मिल रहे हैं। तेज गेंदबाजों के बीच चल रही प्रतियोगिता पर आवेश ने कहा, "मैं इसे चुनौती नहीं, बल्कि प्रेरणा के तौर पर देखता हूं। मैं भारतीय टीम के लिए खेला हूं, इसलिए एक तेज गेंदबाज तौर पर मैं हमेशा प्रेरित रहता हूं। भारत के लिए खेलने की इच्छा ही मेरे लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है।"
आवेश के मुताबिक, "घरेलू क्रिकेट, फ्रेंचाइजी क्रिकेट और एमपीएल जैसी लीग में खेलने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि अलग-अलग तरह के खिलाड़ियों से सीखने का मौका मिलता है। आप युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के साथ एक ही साथ खेलते हैं। आईपीएल में बहुत सी नई चीजें सीखने को मिलती हैं, इसलिए अच्छा लगता है।"
आवेश आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) का हिस्सा हैं। उन्होंने एलएसजी कैंप के माहौल की सराहना की और उसे टीम की सबसे बड़ी ताकत बताया।
एलएसजी से जुड़े अनुभवों पर आवेश ने कहा, "मेरा अनुभव बहुत अच्छा रहा है। पिछले दो सालों में, नतीजे हमारे पक्ष में नहीं रहे हैं, लेकिन हम हमेशा एक टीम के तौर पर साथ रहे हैं। हम हमेशा सोचते हैं कि हम कहां हैं और उसे बेहतर बनाने की कोशिश करते हैं। हम अच्छे को और बेहतर बनाने की कोशिश करते हैं। इसलिए, हमारा टीम का माहौल बहुत अच्छा है।"
आवेश ने हमारे कोच से कहा, "हमारे कप्तानों की तरह, हमेशा माहौल अच्छा रखते हैं, ताकि निराशाजनक प्रदर्शन का असरा खिलाड़ियों की मानसिकता पर न पड़े।"
घरेलू क्रिकेट और आईपीएल के माध्यम से आवेश खान अभी भी भारतीय टीम में वापसी का सपना मजबूती से देख रहे हैं। 29 साल के इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने भारतीय टीम के लिए 8 वनडे में 9 और 25 टी20 में 27 विकेट लिए हैं। भारतीय टीम के लिए आवेश ने अपना आखिरी मैच 10 नवंबर 2024 को खेला था। आवेश मध्य प्रदेश की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और 49 प्रथम श्रेणी मैचों में 180 और 42 लिस्ट ए मैचों में 49 विकेट ले चुके हैं।

