उज्जैन। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह बुधवार तड़के बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंचे। उन्होंने सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचकर भस्म आरती में हिस्सा लिया। रिंकू सिंह करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठे रहे और जाप करते हुए भक्ति में लीन नजर आए। आरती के दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर बाबा महाकाल को नमन किया और गर्भगृह की देहरी से दर्शन कर पुजारी के माध्यम से जल अर्पित किया।
दर्शन के बाद महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से रिंकू सिंह का सम्मान किया गया। उन्हें प्रसाद और महाकाल लिखा वस्त्र भेंट किया गया। दर्शन के बाद रिंकू सिंह ने कहा कि पहली बार भस्म आरती में शामिल होकर उन्हें बेहद अच्छा लगा और बाबा महाकाल के दर्शन कर वह धन्य हो गए। मंदिर परिसर से गुजरते समय रिंकू सिंह काफी उत्सुकता के साथ मंदिर परिसर को निहारते भी नजर आए।
रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के आक्रामक बल्लेबाज और मैच फिनिशर के तौर पर पहचाने जाते हैं। उत्तर प्रदेश से क्रिकेट करियर शुरू करने वाले रिंकू ने अपनी मेहनत और प्रदर्शन के दम पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहचान बनाई है।












