भोपाल। राजधानी भोपाल के सूरजनगर इलाके में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह उनका शव घर के अंदर कमरे में जमीन पर पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक, मृतक के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस का शक उनके केयरटेकर वरुण कुमार पर है, जो वारदात के बाद से लापता बताया जा रहा है।


जानकारी के अनुसार, वरुण कुमार को पंजाब की एक एजेंसी के माध्यम से 28 सितंबर को ही केयरटेकर की नौकरी पर रखा गया था। वारदात के बाद से उसका कोई पता नहीं है और उसका सामान भी घर में नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।


पुलिस को घर में आग लगाने की कोशिश के भी संकेत मिले हैं। किचन में एलपीजी सिलेंडर का पाइप निकला हुआ मिला, जिससे पूरे घर में गैस भर गई थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है कि हत्या के बाद घर में आग लगाने की कोशिश क्यों की गई।


बताया गया कि राकेश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ सूरजनगर स्थित मकान में रहते थे। बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे उनकी पत्नी की नींद खुली और वे मॉर्निंग वॉक के लिए जाने लगीं। इस दौरान उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। उन्होंने दूसरे नौकर राजन थापा को फोन किया। इसके बाद जब राकेश अग्रवाल के कमरे का दरवाजा खोला गया तो उनका शव जमीन पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही रातीबड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस वारदात के कारणों और आरोपी की तलाश में जुटी है।