प्रतापगढ़ (कुंडा)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले स्थित कुंडा की धरती पर आयोजित पूज्य बागेश्वर महाराज पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भव्य श्रीराम कथा के द्वितीय दिवस भक्ति और सियासी-सांस्कृतिक दिग्गजों के समागम का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कथा का श्रवण करने के लिए श्रद्धालुओं का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि विशाल पंडाल के भीतर से लेकर बाहर मैदान तक पैर रखने की जगह नहीं बची। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्रियों, पूर्व सांसदों, विधायकों से लेकर सिनेमा और संगीत जगत की नामचीन हस्तियों ने व्यासपीठ पर पहुंचकर आशीर्वाद लिया और सामूहिक महाआरती में शामिल होकर समां बांध दिया।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों, विधायकों और राजघरानों की प्रमुख हस्तियों ने की महाआरती
कथा के दूसरे दिन की विराम आरती में उत्तर प्रदेश की राजनीति और समाज की कई दिग्गज शख्सियतों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आरती में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह और बृजेश सिंह विशेष रूप से शामिल हुए। इनके साथ ही पूर्व सांसद धनंजय सिंह, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, विधायक सुशील सिंह, अमेठी राजघराने के प्रमुख डॉ. संजय सिंह, विधायक पवन सिंह तथा एमएलसी (MLC) पवन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और मंचासीन संत-महात्माओं ने विधि-विधान से श्रीरामचरितमानस की महाआरती उतारी और बागेश्वर महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
ये भी पढ़ें




भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह और 'हनुमान अंश' फिल्म की टीम ने बिखेरा सुरों का जादू
राजनीतिक दिग्गजों के साथ-साथ कला और फिल्म जगत की हस्तियों ने भी कथा की शोभा बढ़ाई। भोजपुरी सिनेमा के प्रसिद्ध गायक एवं अभिनेता पवन सिंह ने कथा मंच पर अपनी सुमधुर आवाज से भक्तिमय प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को राममय कर दिया। वहीं, आगामी फिल्म 'हनुमान अंश' के गायक और पूरी टीम ने भी मंच से शानदार भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। इस अवसर पर अनुराग पंडित सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने भी आरती में सहभागिता की।
चारों ब्लॉकों से उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, 'जय श्रीराम' के जयकारों से गूंजा परिसर
वीआईपी हस्तियों की मौजूदगी के बीच आम श्रद्धालुओं का उत्साह भी चरम पर रहा। कुंडा, बाबागंज, बिहार और कालाकांकर ब्लॉक के ग्रामीण व शहरी अंचलों से आए हजारों भक्तों ने सामूहिक रूप से आरती में भाग लेकर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लिया। पूरे आयोजन के दौरान पंडाल से लेकर बाहर के विशाल मैदान तक हर ओर रामनाम की गूंज और अटूट श्रद्धा का महासागर दिखाई दिया।

















