छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का महापर्व बड़े ही धूमधाम, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। जन्माष्टमी के इस पावन अवसर पर सुबह से ही स्थानीय लड्डू गोपाल मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन, पूजन और भजन-कीर्तन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है।
भजन संध्या और भंडारा प्रसाद का होगा आयोजन
मंदिर प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधि ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ पहुंच रही है। श्रद्धालुओं के लिए शाम को महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया है। इसके साथ ही शाम को भव्य भजन संध्या का कार्यक्रम भी आयोजित होगा, जिसमें सुमधुर भजनों की प्रस्तुति से माहौल को भक्तिरस से सराबोर किया जाएगा।
रात 11:30 बजे से शुरू होगा मुख्य जन्मोत्सव
भगवान श्रीकृष्ण के मुख्य जन्मोत्सव का भव्य कार्यक्रम रात 11:30 बजे से प्रारंभ होगा। ठीक मध्यरात्रि में लड्डू गोपाल जी के जन्म के साथ महाआरती की जाएगी। मंदिर समिति ने समस्त नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस भव्य जन्मोत्सव में सम्मिलित हों और भगवान लड्डू गोपाल का आशीर्वाद प्राप्त करें।














