Tuesday, March 10, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशछतरपुरजिला अस्पताल में बढ़ी मरीजों की भीड़, डॉक्टर ने बाहर बैठकर किया इलाज

जिला अस्पताल में बढ़ी मरीजों की भीड़, डॉक्टर ने बाहर बैठकर किया इलाज

Post Media
News Logo
PeptechTime
10 मार्च 2026, 10:46 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

छतरपुर,शिवम सोनी । जिला अस्पताल में मंगलवार को मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही अस्पताल में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों की लंबी कतार लग गई थी, जिसके कारण कई लोगों को डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा था। भीड़ को देखते हुए जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मनोज चौधरी ने मरीजों की परेशानी को समझा और अपने चेम्बर से बाहर आकर उनका उपचार शुरू कर दिया।


मरीजों की लंबी लाइन देखकर डॉ. मनोज चौधरी अस्पताल परिसर में ही मरीजों के बैठने वाली जगह पर रखी कुर्सी पर बैठ गए और वहीं से एक-एक कर मरीजों की जांच करने लगे। उन्होंने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं, उनकी जांच की और आवश्यक दवाइयों के लिए पर्चे भी लिखे। इससे लाइन में खड़े मरीजों को काफी राहत मिली और उन्हें लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ा।


अस्पताल में मौजूद लोगों ने बताया कि सुबह से ही ओपीडी में मरीजों की संख्या काफी अधिक थी, जिसके चलते व्यवस्था संभालना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में डॉक्टर द्वारा बाहर आकर मरीजों को देखना एक सराहनीय कदम रहा, जिससे कई मरीजों को जल्दी इलाज मिल सका। डॉ. मनोज चौधरी ने बताया कि अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण कई लोग काफी देर से लाइन में खड़े थे। मरीजों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने बाहर आकर ही मरीजों को देखना उचित समझा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को समय पर इलाज मिल सके।


डॉक्टर की इस पहल से अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों ने राहत महसूस की। लोगों ने डॉक्टर के इस मानवीय और संवेदनशील कदम की सराहना करते हुए कहा कि यदि इसी तरह डॉक्टर मरीजों की सुविधा का ध्यान रखें तो स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर हो सकती हैं।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)