इंदौर, रविकांत वर्मा। इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। चोइथराम मंडी के पास पाटनीपुरा इलाके में तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने साइकिल सवार शंकर को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


प्रारंभिक जांच में टैंकर चालक की लापरवाही हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस ने आरोपी चालक महेश गर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही उसके खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक नशे में था या वाहन में कोई तकनीकी खराबी थी। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।