गंधवानी, भानु प्रकाश शर्मा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का निर्माण जल्द शुरू कराने और तब तक अस्पताल को पुराने भवन में संचालित करने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने शुक्रवार, 21 अगस्त को कलेक्टर धार के नाम तहसीलदार गंधवानी को ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन में बताया गया कि करीब एक वर्ष पूर्व पुराने स्वास्थ्य केंद्र भवन को गिराकर नया भवन बनाने के लिए अस्पताल को नगर से एक किलोमीटर से अधिक दूर अस्थायी स्थान पर शिफ्ट किया गया था। इसके बावजूद अब तक नए भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।


अस्थायी अस्पताल में पर्याप्त जगह, पानी, मरीजों के बैठने की व्यवस्था और भर्ती वार्ड सहित कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। इससे मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


क्षेत्रवासियों ने नए भवन का निर्माण प्राथमिकता से शुरू कराने, देरी के कारणों की जांच करने तथा यदि निर्माण में अभी समय लगे तो अस्पताल को 15 दिनों के भीतर पुराने भवन में वापस शिफ्ट करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांगों का जल्द निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।