हटा, जिमी नगरिया। भगवती मानव कल्याण संगठन ब्लॉक हटा के कार्यकर्ताओं ने गैसाबाद थाना पहुंचकर थाना प्रभारी सौरभ शर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र में अवैध शराब की सप्लाई और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सेन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुलिस से अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने की अपील की।


ज्ञापन में बताया गया कि गैसाबाद थाना क्षेत्र के गैसाबाद और हिनौता स्थित शराब दुकानों से ग्रामीण अंचलों में अवैध रूप से शराब की सप्लाई किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। संगठन का आरोप है कि बिना नंबर की मोटरसाइकिलों और चार पहिया वाहनों के माध्यम से रात्रि के समय शराब तस्कर विभिन्न गांवों तक शराब पहुंचा रहे हैं।


संगठन ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री और तस्करी से क्षेत्र की कानून व्यवस्था तथा सामाजिक शांति प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों एवं विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए इस पर प्रभावी रोक लगाई जाए।


थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने संगठन के कार्यकर्ताओं से ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।