मध्यप्रदेश में 1510 पदों पर सीधी भर्ती, युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी भर्ती अधिसूचना जारी की है। वन रक्षक के 728, जेल प्रहरी के 757 और सहायक जेल अधीक्षक के 25 पदों सहित कुल 1510 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इसके अतिरिक्त वन विभाग के अंतर्गत क्षेत्र रक्षक के 169 पद भी भरे जाएंगे। वन रक्षक, क्षेत्र रक्षक और जेल प्रहरी का वेतनमान समान है, जबकि सहायक जेल अधीक्षक का अधिकतम वेतन 1,14,800 रुपये तक रहेगा।
ऑनलाइन आवेदन 28 फरवरी से 14 मार्च तक भरे जा सकेंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थी मंडल की आधिकारिक वेबसाइट [www.esb.mp.gov.in](http://www.esb.mp.gov.in) पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तिथि 19 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शुल्क 500 रुपये प्रति प्रश्नपत्र तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (मध्य प्रदेश निवासी) के लिए 250 रुपये प्रति प्रश्नपत्र निर्धारित है।
आवेदन के लिए अभ्यर्थी का भारत के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कक्षा 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित है। सामान्य व अनारक्षित पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 33 वर्ष तथा महिलाओं के लिए 38 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।
वन रक्षक की परीक्षा 7 अप्रैल 2026 को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा में तकनीकी विषय, सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और मूल कंप्यूटर ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। लिखित परीक्षा के बाद प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
जेल प्रहरी के 757 पदों के लिए वेतनमान 19,500 से 62,000 रुपये प्रतिमाह रहेगा। सहायक जेल अधीक्षक के 25 पदों के लिए वेतनमान 36,200 से 1,14,800 रुपये तक निर्धारित है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा भी उत्तीर्ण करनी होगी, जिसमें 800 मीटर दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक शामिल हैं।
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को आधार कार्ड सहित वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर लें।
