रीवा। रीवा में जैन साध्वियों को तेज रफ्तार कार से कुचलने की दर्दनाक घटना सामने आई है। इस हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कलेक्टोरेट के सामने सड़क किनारे शांतिपूर्वक पैदल विहार कर रहीं तीन जैन साध्वियों को पीछे से आ रही अनियंत्रित कार जोरदार टक्कर मारती दिखाई दे रही है। हादसे में दो साध्वियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य साध्वी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, 20 मई की दोपहर तीनों साध्वियां धार्मिक परंपरा के तहत सड़क किनारे पैदल विहार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पूज्य श्रुति मति माता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उपसमिति माता ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल आर्यिका माता का इलाज संजय गांधी अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद आरोपी चालक रशीद आबाद अली शाह मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी करीब 270 किलोमीटर दूर तक भाग निकला था, जिसे जबलपुर के बहोरीपार टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घटना के बाद जैन समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। समाज ने मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच या एसआईटी जांच कराने की मांग की है। साथ ही देशभर में पैदल विहार करने वाले साधु-संतों की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा नीति लागू करने की मांग उठाई गई है।
घटना के विरोध में 25 मई को देशभर में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन और मौन रैली आयोजित की जाएगी। खंडवा में सकल जैन समाज द्वारा विशाल मौन रैली निकालकर प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। जैन समाज ने इसे केवल एक समाज नहीं, बल्कि देश की आध्यात्मिक विरासत की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताया है।

