भोपाल। राजधानी के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम अरवलिया में पारिवारिक विवाद के बाद एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। शनिवार रात हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान 37 वर्षीय महिला रुकसाना, उसकी 12 वर्षीय बेटी रुकईया और 8 वर्षीय बेटे फैजल की मौत हो गई। रविवार को तीनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, अरवलिया में लोटस गार्डन के पीछे रहने वाले फईम खान पंचर बनाने की दुकान चलाते हैं। शनिवार सुबह बच्चों को स्कूल भेजने के बाद रुकसाना अपने देवर के घर कुछ सामान मांगने गई थीं। इसी दौरान देवरानी से विवाद हो गया। घर लौटने पर इस बात को लेकर पति फईम से भी कहासुनी हुई, जिसके बाद फईम दुकान चले गए।


आरोप है कि पति के जाने के बाद रुकसाना स्कूल पहुंचीं और छुट्टी से पहले दोनों बच्चों को घर ले आईं। घर पहुंचकर अंदर से दरवाजे बंद किए और खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर खुद खाया तथा बच्चों को भी खिला दिया। शाम को बच्चों की चीख सुनकर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने फईम को बुलाया और दरवाजा तोड़कर तीनों को बेसुध हालत में बाहर निकाला।

परिजनों व पड़ोसियों की मदद से तीनों को गंभीर हालत में भोपाल के हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। भोपाल देहात के पुलिस अधीक्षक पंकज पांडेय ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। मायके पक्ष और स्वजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।