नई दिल्ली। नीट (NEET-UG) परीक्षा में हुई गड़बड़ियों और जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन के बीच देश की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेज दिया है। अपने इस ऐतिहासिक और भावुक निर्णय के बाद जारी बयान में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राष्ट्रसेवा उनके जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे देश की युवाशक्ति, छात्रों के उज्ज्वल भविष्य तथा राष्ट्र की एकता की रक्षा के लिए यह कदम उठा रहे हैं, ताकि किसी भी विद्यार्थी का समय और करियर कानूनी पेचीदगियों में न उलझे।


3 मई की अनियमितता पर पहले दिन से ली जिम्मेदारी

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि वे पिछले 4 दशकों से अधिक समय से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधारों के लिए समर्पित रहे हैं। 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा में सामने आई अनियमितता के बाद भारत सरकार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच सीबीआई (CBI) को सौंपी, परीक्षा रद्द की और नई तिथियों का ऐलान किया। साथ ही, अगले वर्ष से इस परीक्षा को सीबीटी (Computer-based-test) मोड में कराने का अहम फैसला लिया गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि 'होल ऑफ गवर्नमेंट एप्रोच' के तहत राज्य सरकारों और जिला प्रशासन के सहयोग से 21 जून 2026 को 20 लाख से अधिक छात्रों की परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न कराई गई। 16 जुलाई को घोषित परिणाम संतोषजनक रहे, जिसमें गरीब पृष्ठभूमि के कई मेधावी छात्रों को सफलता मिली। उन्होंने कहा, "मैंने पहले ही दिन से जिम्मेदारी ली और कभी परिस्थिति से मुंह नहीं मोड़ा। मेरा संकल्प था कि परीक्षा माफिया के कारण किसी मेधावी छात्र के साथ अन्याय न हो।"


'पिछले 10 दिनों के घटनाक्रम से मन दुखी

शिक्षा मंत्री ने अफसोस जताते हुए कहा कि परीक्षा संपन्न होने और परिणाम आने के बावजूद जिम्मेदार पदों पर बैठे व्यक्तियों ने छात्रों को गुमराह करने और बाधा डालने की कोशिश की, जिससे उनका मन व्यथित हुआ।

उन्होंने कहा, "पिछले 10 दिनों का घटनाक्रम देखकर मेरा मन दुखी है। यह मेरे लिए व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का विषय नहीं है। जंतर-मंतर और देश में जो स्थिति बनी है, उसका राष्ट्रविरोधी ताकतें फायदा न उठाएं, देश की एकता बनी रहे और हमारे बच्चे अपना समय कानूनी लड़ाइयों में गंवाने के बजाय पढ़ाई और करियर पर फोकस करें, इसी बात पर विचार करते हुए मैंने अपना त्यागपत्र माननीय प्रधानमंत्री जी को भेज दिया है।"


प्रधानमंत्री, सहयोगियों और जनता का जताया आभार

अपने संदेश के अंत में धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, विश्वास और निरंतर सहयोग के लिए हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की। इसके साथ ही उन्होंने मंत्रिपरिषद के सहयोगियों, शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों का भी धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि प्रभु श्री जगन्नाथ जी के आशीर्वाद से वे भविष्य में भी भारत माता, अपनी जन्मभूमि ओडिशा की जनता और देश के युवाओं की आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए हर संभव रूप में समर्पित रहेंगे।


Dharmendra Tweet
Isteefa 1
Isteefa 2