भोपाल,जीतेंद्र यादव। भोपाल सहित पूरे देश में आज ईद का पर्व बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। राजधानी भोपाल में ईदगाह पर बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने पहुंचकर ईद की नमाज अदा की।


एक महीने तक रमजान के पवित्र महीने में इबादत करने के बाद आज ईद का त्योहार मनाया जा रहा है। भोपाल के ईदगाह में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां शहर काजी मुस्ताक ने नमाज अदा करवाई। इस दौरान देश और दुनिया में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ की गई।


इस बार फित्रा की न्यूनतम राशि गेहूं के हिसाब से लगभग 70 रुपए प्रति व्यक्ति तय की गई है, जबकि जौ और खजूर के आधार पर यह राशि अलग-अलग हो सकती है। वहीं चांदी के भाव के अनुसार अधिकतम फित्रा करीब 1650 रुपए निर्धारित किया गया है।


जीतू पटवारी
(ईद की मुबारकबाद और अमन-चैन का संदेश) इस मौके पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी भी ईदगाह पहुंचे। उन्होंने नमाज अदा करने आए लोगों पर फूल बरसाकर ईद की शुभकामनाएं दीं और देश-दुनिया में शांति, भाईचारे और खुशहाली की कामना की। ईद का यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है, जिसे पूरे उत्साह के साथ मनाया गया।