जबलपुर, अनुराग शुक्ला। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब अपनी शिकायत लेकर पहुंचीं दो महिलाओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों महिलाओं के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होने लगी।


घटना से कार्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद फरियादी और पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हुए तथा दोनों महिलाओं को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।


जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष किसी पुराने विवाद के संबंध में एसपी कार्यालय पहुंचे थे। आमना-सामना होने पर दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई।


पुलिस जवानों ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों महिलाओं को शांत कराया और पूछताछ के लिए सिविल लाइन थाना भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है तथा लिखित शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


न्याय की गुहार लेकर पहुंचे लोगों के बीच हुई इस मारपीट की घटना दिनभर चर्चा का विषय बनी रही और एसपी कार्यालय की जनसुनवाई में मौजूद लोगों के बीच इसकी खूब चर्चा होती रही।