सिद्धार्थनगर। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने वंशवाद की राजनीति को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा में परिवारवाद है और उनकी पार्टी में हमेशा ऐसा ही चलेगा जबकि भाजपा में एक सामान्य कार्यकर्ता भी पार्टी का अध्यक्ष बन सकता है।
भाजपा सांसद ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के सपा और कांग्रेस पर दिए बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन ने इंटरव्यू में एक सच्चाई बताई है। समाजवादी पार्टी हो या कांग्रेस, आज वहां सिर्फ राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी, अखिलेश यादव, धर्मेंद्र यादव और रामगोपाल यादव ही हैं। दूसरी तरफ, भाजपा की तरफ देखेंगे तो पता चलता है कि यहां एक साधारण कार्यकर्ता देश का प्रधानमंत्री बन गया है। यहां, सबसे छोटे गांवों के कार्यकर्ता भी आज बड़े पदों पर आसीन हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में भविष्य में कोई और उस पार्टी का अध्यक्ष नहीं बन पाएगा। सपा में जो भी बनेगा मुलायाम सिंह के परिवार का ही बनेगा और कांग्रेस में भी ऐसे ही चल रहा है। कांग्रेस में वही नेतृत्व करेगा, जो गांधी परिवार से है। इन पार्टियों को परिवार की चिंता है लेकिन समाज की चिंता नहीं है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार हर वर्ग की चिंता करती है। सरकार ने गरीबों को आयुष्मान योजना का लाभ दिया। चार करोड़ आवास बनाकर दिया, आगे 3 करोड़ आवास दिए जाएंगे। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे के प्रस्ताव पर भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में रामलला के दर्शन करने में अखिलेश यादव ने काफी देर कर दी है।
एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि मुलायम सिंह के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी की सरकार में राम भक्तों पर गोलियां चलाई गईं, इसके बावजदूद अखिलेश यादव यूपी के मुख्यमंत्री बने, लेकिन कभी दर्शन के लिए अयोध्या नहीं आए। उन्होंने कभी इस बात का पछतावा भी नहीं किया। इसलिए मुझे लगता है कि इतने सालों बाद वे अयोध्या आ रहे हैं तो पता नहीं भगवान उन्हें माफ करेंगे या नहीं क्योंकि निर्दोष और निहत्थे लोगों पर गोलियां चलाई गई थीं।
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि अखिलेश यादव इतने सालों बाद आ रहे हैं तो यह बात साफ है कि अखिलेश यादव में श्रीराम को लेकर आस्था नहीं है।
















