सागर,जीशान अंसारी। शहर में गौ तस्करी से जुड़ा एक मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। गोपालगंज थाना क्षेत्र स्थित एकता कॉलोनी में देर रात दो अज्ञात युवक एक ऑटो रिक्शा में गाय के बछड़े को जबरन ले जाते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि बछड़ा सड़क पर बैठा हुआ था, जिसे आरोपियों ने उठाकर ऑटो में डाल लिया और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गौ रक्षक दल के सदस्य थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। संगठन के प्रतिनिधि आशीष ने पुलिस को वायरल वीडियो दिखाकर घटना की पुष्टि की और बताया कि यह वारदात नगर निगम कार्यालय के पीछे स्थित एकता कॉलोनी की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ महीने पहले भी इसी क्षेत्र में इस तरह की कोशिश की गई थी, लेकिन तब कॉलोनीवासियों की सतर्कता के कारण आरोपी भाग निकले थे। एक ही स्थान पर दोबारा ऐसी घटना सामने आने से लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि अपराध दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। साथ ही घटना में उपयोग किए गए ऑटो की भी तलाश जारी है।
प्रारंभिक जांच में वाहन को कोतवाली क्षेत्र की दिशा में जाते हुए देखा गया है, लेकिन स्मार्ट सिटी कैमरों से पर्याप्त फुटेज न मिलने के कारण जांच में कुछ बाधाएं आ रही हैं। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि किसी को संदिग्ध गतिविधि या वाहन की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। घटना के बाद एकता कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और लोग रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। यह मामला न केवल पशु सुरक्षा बल्कि शहर की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है।

