छतरपुर। छतरपुर जिले में प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में यूरिया खाद का वितरण किया जा रहा है। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में शनिवार को जिलेभर में राजस्व अधिकारियों द्वारा खाद वितरण केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही निजी उर्वरक विक्रेताओं को हिदायत दी है कि निर्धारित दरों पर ही खाद विक्रय करें और किसानों को रसीद दें। कलेक्टर श्री जैसवाल द्वारा उर्वरक का सुचारू रूप से वितरण सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को जिलेभर की खाद वितरण सोसायटियों एवं अन्य निजी वितरण केन्द्र पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अधिकारियों द्वारा अवैध खाद भंडार की भी स्टॉक मिलान करते हुए जांच की गई। जिला प्रशासन द्वारा किसान भाईयों से अपील की गई है कि निर्धारित दरों पर ही खाद खरीदें और रसीद प्राप्त करें।
इसी क्रम में लुगासी में नायब तहसीलदार द्वारा खाद वितरण का निरीक्षण किया गया। मातगुवां में नायब तहसीलदार द्वारा खाद वितरण का निरीक्षण किया गया। बड़ामलहरा में तहसीलदार द्वारा वितरण केंद्र का निरीक्षण किया गया। राजनगर में अधिकारियों की उपस्थिति में खाद का वितरण सुचारू ढंग से चालू है। बिजावर में भी वितरण केंद्र पर अधिकारियों की उपस्थिति में खाद पहुंचा। छतरपुर सटई रोड पर डबल लॉक में भी एसडीएम एवं तहसीलदार की निगरानी में खाद का वितरण किया जा रहा है। नौगांव में राजस्व अधिकारियों द्वारा खाद वितरण का निरीक्षण किया गया।
महाराजपुर में तहसीलदार द्वारा खाद पहुंचने पर स्टॉक मिलान कराया गया और वितरण के निर्देश दिए गए। इसके अलावा लवकुशनगर में खाद का वितरण राजस्व अधिकारियों की उपस्थिति में किया जा रहा है। साथ ही जिले के अन्य क्षेत्रों में राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में खाद का वितरण किया जा रहा है और अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

