नई दिल्ली। फीफा विश्व कप 2026 का रोमांच धीरे-धीरे अपने आखिरी सफर की ओर बढ़ रहा है। 48 टीमों के साथ शुरू हुए टूर्नामेंट में कुल 104 मैच खेले जाने थे। 96 मैच खेले जा चुके हैं और 40 टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं। शेष 8 टीमों से 4 सेमीफाइनलिस्ट, 2 फाइनलिस्ट और फिर एक चैंपियन चुना जाना है।

फीफा विश्व कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में 8 टीमों ने जगह बनाई है। ये टीमें हैं—फ्रांस, मोरक्को, स्पेन, बेल्जियम, नॉर्वे, इंग्लैंड, अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड। यूरोप में फुटबॉल का क्रेज उच्चतम स्तर पर माना जाता है, और उसकी झलक क्वार्टर फाइनल की टीमों को देखने के बाद स्पष्ट भी हो जाती है। कुल 8 टीमों में से 6 टीमें यूरोप की हैं।

क्वार्टर फाइनल में फ्रांस का मुकाबला मोरक्को (10 जुलाई 1:30 एएम) से, स्पेन का बेल्जियम (11 जुलाई 12:30 एएम) से, नॉर्वे का इंग्लैंड (12 जुलाई 2:30 एएम) से और अर्जेंटीना का स्विट्जरलैंड (12 जुलाई 6:30 एएम) से होना है।

इन चार मैचों की विजेता टीमें सेमीफाइनल खेलेंगी और फिर फाइनल के बाद विश्व फुटबॉल को नया विजेता मिलेगा।

सेमीफाइनल में कौन सी 4 टीमें पहुंचेंगी, इसकी तस्वीर फिलहाल साफ नहीं है, लेकिन क्वार्टर फाइनल तक पहुंची सभी 8 टीमों ने टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इन टीमों में 4 टीमें (फ्रांस, स्पेन, इंग्लैंड और अर्जेंटीना) ही पूर्व में फीफा विश्व कप की विजेता रही हैं। चार टीमों (मोरक्को, स्वीट्जरलैंड, नॉर्वे, बेल्जियम) को अभी भी अपने पहले खिताब का इंतजार है।

अर्जेंटीना 3 बार (1978, 1986 और 2022), फ्रांस 2 बार (1998 और 2018) विश्व कप जीत चुकी है, जबकि इंग्लैंड (1966) और स्पेन (2010) ने 1-1 बार फीफा विश्व कप का खिताब जीता है।

मोरक्को, स्विट्जरलैंड, नॉर्वे, और बेल्जियम कभी फाइनल में नहीं पहुंची हैं। मोरक्को का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन विश्व कप 2022 में आया था, जब टीम सेमीफाइनल में पहुंची थी। स्विट्जरलैंड का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन क्वार्टरफाइनल तक पहुंचना रहा है। टीम अब तक चार बार (1934, 1938, 1954, 2026) यह उपलब्धि हासिल की है। बेल्जियम का अब तक का श्रेष्ठ प्रदर्शन रूस में 2018 में आयोजित फीफा विश्व कप में देखने को मिला था, जब टीम तीसरे स्थान पर रही थी। नॉर्वे का बेस्ट प्रदर्शन फीफा विश्व कप 2026 का प्रदर्शन ही है।

देखना होगा कि क्वार्टर फाइनल से सेमीफाइनल या फाइनल तक का सफर उन टीमों का बढ़ता है, जो पूर्व चैंपियन रही हैं, या फिर अपने पहले खिताब का इंतजार कर रही टीमें कोई करिश्मा करती हैं।