पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा के अंतिम परिणाम का लंबे समय से इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर आई है। बीपीएससी के अध्यक्ष परमार रवि मनुभाई ने शनिवार को 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का परिणाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके जारी किया। जारी रिजल्ट के मुताबिक, परीक्षा में कुल 2,027 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है। बीपीएससी की ओर से आयोजित 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में श्रद्धा पांडे ने रैंक-1 के साथ पूरे राज्य में टॉप किया है। वे कुल 593 अंकों के साथ स्टेट टॉपर बनीं हैं। शशांक गौरव 592 अंकों के साथ दूसरे टॉपर बने, जबकि आयुष विजोय ने भी 592 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

बीपीएससी की ओर से संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन कुल 2,035 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए किया गया था।

बीपीएससी अध्यक्ष परमार रवि मनुभाई ने 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा परिणाम जारी करते हुए कहा कि बापू परीक्षा परिसर में कुछ असामाजिक तत्वों ने डिस्टर्ब किया था। आयोग ने इसके बाद इंटरनल जांच किया था। राज्य के किसी और केंद्र पर अनियमितता की कोई शिकायत नहीं थी। इसलिए बापू परीक्षा परिसर की परीक्षा दोबारा ली गई थी।

बता दें कि बीपीएससी की ओर से 70वीं मुख्य (लिखित) परीक्षा का आयोजन 25 से 30 अप्रैल 2025 के बीच पटना के विभिन्न 32 केंद्रों पर किया गया था। इस परीक्षा में लगभग 20,034 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। वहीं, मुख्य परीक्षा का परिणाम 16 दिसंबर 2025 को बीपीएससी के ऑफिशियल वेबसाइट पर घोषित कर दिया गया था।

बीपीएससी 70वीं मुख्य परीक्षा में कुल 5,449 अभ्यर्थी पास हुए थे। इसके बाद उत्तीर्ण उम्मीदवारों के लिए इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन आयोजित की गई थी। वहीं, बीपीएससी 70वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा के नतीजे देखने के लिए, उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और अपने रोल नंबर का इस्तेमाल करके नतीजे चेक करें।