टीकमगढ़। बुंदेलखंड की माटी और टीकमगढ़ जिले के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। जिले की होनहार बेटी मोहसिना बानो ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफलता के झंडे गाड़ दिए हैं। मोहसिना ने अखिल भारतीय स्तर पर 648वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार का, बल्कि समूचे टीकमगढ़ जिले और मध्य प्रदेश का मान बढ़ाया है।
मोहसिना बानो की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों में हर्ष का माहौल है। टीकमगढ़ विधायक यादवेंद्र सिंह ने इस गौरवपूर्ण अवसर पर मोहसिना और उनके परिजनों को हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं प्रेषित की हैं। विधायक ने अपने संदेश में कहा कि मोहसिना की यह उल्लेखनीय उपलब्धि टीकमगढ़ जिले के लिए बड़े ही गर्व का विषय है। उन्होंने मोहसिना की कड़ी मेहनत, अटूट लगन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता जिले के अन्य युवाओं के लिए एक नई प्रेरणास्रोत बनेगी।
विधायक यादवेंद्र सिंह ने उनके उज्ज्वल भविष्य और एक सफल प्रशासनिक जीवन की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि मोहसिना बानो एक कुशल अधिकारी के रूप में देश और समाज की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगी। सोशल मीडिया से लेकर व्यक्तिगत मुलाकातों तक, मोहसिना को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उनकी इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो देश की सबसे कठिन परीक्षा में भी सफलता पाई जा सकती है।



