अहमदाबाद। गौतम अदाणी ने मंगलवार को उन सभी लोगों का धन्यवाद किया, जो कठिन दौर में भी उनके साथ डटे रहे और उन पर भरोसा बनाए रखा। इस दौरान उन्होंने भगवान और अपने माता-पिता का भी आशीर्वाद लिया। अदाणी ग्रुप की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर की गई एक पोस्ट में कहा गया,"भगवान और अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेते हुए, गौतम अदाणी ने उन सब का धन्यवाद किया जो कठिन दौर में भी उनके साथ डटे रहे और उन पर भरोसा बनाए रखा।"

इससे पहले अरबपति उद्योगपति ने अमेरिकी अदालत के फैसले का स्वागत "विनम्रता और न्यायिक प्रक्रिया के प्रति गहरे सम्मान" के साथ किया, क्योंकि अदालत ने गौतम अदाणी, सागर अदाणी और उनके सहयोगी विनीत जैन के खिलाफ सभी आपराधिक आरोप खारिज कर दिए।

अदाणी ग्रुप के चेयरमैन ने 'एक्स' पर की एक पोस्ट में कहा, "इस मुश्किल दौर में भी सच्चाई, निष्पक्षता और कानून में हमारा भरोसा अटूट रहा।"

गौतम अदाणी ने कहा, "मैं उन सभी का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने हम पर, सिस्टम पर और न्याय दिलाने की भारत की क्षमता पर कभी भरोसा नहीं खोया।"

इसके अलावा, कोर्ट ने अदाणी ग्रुप और यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (सीईए) के बीच एक समझौते को मंजूरी दी। इस समझौते के तहत, अदाणी ग्रुप यूएस सरकार को 1.8 करोड़ डॉलर (18 मिलियन डॉलर) का भुगतान करेगा और अपने ऊपर लगे सिविल सिक्योरिटीज फ्रॉड के आरोपों को औपचारिक रूप से निपटाएगा।

पिछले महीने, अमेरिकी न्याय विभाग ने एक फेडरल कोर्ट को बताया कि अरबपति उद्योगपति गौतम अदाणी के खिलाफ मामले के केंद्र में मौजूद सिक्योरिटीज में निवेशकों को कोई आर्थिक नुकसान नहीं हुआ। विभाग का तर्क था कि निवेशकों को नुकसान न होने से सरकार का अपना ही केस कमजोर पड़ गया और सभी आपराधिक आरोप हटाने का उसका फैसला और मजबूत हो गया।

फाइलिंग में कहा गया, "जिन सिक्योरिटीज की बात हो रही है, उनमें एक भी पैसा कभी नहीं डूबा।"